
बरेली। थाना सीबीगंज पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी और वांछित अभियुक्त नसीम को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली द्वारा चलाए जा रहे इनामी एवं वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त नसीम पुत्र सला मोहम्मद निवासी खतौला, थाना सीबीगंज, लंबे समय से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ मा. न्यायालय द्वारा कई बार गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे, लेकिन वह लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता रहा। अभियुक्त के विरुद्ध थाना सीबीगंज पर 15 अक्टूबर 2025 को मुकदमा अपराध बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
गिरफ्तारी न होने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली द्वारा 19 अक्टूबर को नसीम पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। लगातार प्रयासों के बाद सीबीगंज पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने 14 जनवरी को सुबह करीब 8:30 बजे अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक नसीम का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वर्ष 2019 में उसके खिलाफ गौवध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार चतुर्वेदी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक विपिन तोमर, उपनिरीक्षक सोमपाल सिंह, कांस्टेबल निकुल बालियान और कांस्टेबल अरविंद कुमार इस कार्रवाई में शामिल रहे।








